POLITICS • September 25, 2026 • By cultbihari@gmail.com

Bihar : जमुई-समस्तीपुर के बाद बांका… मंदार पर्वत पर लड़की से बदसलूकी, Video Viral

Bihar

Bihar : महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से शर्मनाक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक एक युवती और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

लड़की को घेरकर डराते दिखे युवक

वायरल वीडियो में 3 से 4 युवक मंदार पर्वत परिसर में एक लड़की को घेरकर उसे डराते-धमकाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में चप्पल नजर आ रही है। आरोप है कि युवकों ने लड़की का हाथ पकड़कर उसे खींचा और मारने की धमकी भी दी। इस दौरान युवती काफी डरी और सहमी हुई दिखाई देती है।

विरोध करने पर साथियों से भी मारपीट

वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि जब लड़की के साथ मौजूद 1-2 युवकों ने आरोपियों का विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना का वीडियो बेहद विचलित करने वाला है, इसलिए इसे खबर में शामिल नहीं किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान

वीडियो वायरल होते ही बांका पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। बौंसी थाना पुलिस ने वीडियो की सत्यता की जांच शुरू की। बौंसी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा सशस्त्र बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे। पुलिस टीम में सिपाही गोविंदा कुमार, सिपाही रामभज्जू शर्मा और गृहरक्षक वाल्मीकि कुमार पंडित भी शामिल थे।

दुकानदारों से पूछताछ में हुई पुष्टि

पुलिस ने मंदार पर्वत परिसर में स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो मंदार पर्वत का ही है और वीडियो में नजर आ रहे आरोपी स्थानीय नवयुवक बताए जा रहे हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

6 से 7 अज्ञात युवकों पर केस दर्ज

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना अप्रैल महीने के आसपास की बताई जा रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के स्वलिखित बयान के आधार पर 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों और पीड़ित लड़की की पहचान करने में जुटी है।

Read More : ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई, 45 दिनों में 347 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

अब आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर

बिहार में हाल के दिनों में महिलाओं और युवतियों से बदसलूकी के मामलों में पुलिस की कार्रवाई चर्चा में रही है। ऐसे में अब सवाल है कि मंदार पर्वत की इस घटना में पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल पुलिस वीडियो की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

2 responses to “Bihar : जमुई-समस्तीपुर के बाद बांका… मंदार पर्वत पर लड़की से बदसलूकी, Video Viral”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *