दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई। विमान के अंदर धुआं फैलने लगा और यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया। मामला इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 का है, जिसे सुरक्षा के चलते हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग विमान में सामान रखने के लिए बनी ऊपर की जगह यानी ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में लगी थी। जैसे ही वहां से धुआं निकलने लगा, केबिन क्रू तुरंत हरकत में आया। क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। इस दौरान कुछ यात्री भी अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दिए। घटना का वीडियो एक यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पायलट ने लिया बड़ा फैसला
इंडिगो के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट में एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा था। इसके बाद पायलटों ने सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखते हुए विमान का रास्ता बदलने का फैसला लिया। विमान को हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दूसरे विमान से चेन्नई भेजे गए यात्री
इस घटना के बाद यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम किया गया। इंडिगो ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को जरूरी जानकारी देने और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
पावर बैंक को लेकर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर फ्लाइट में पावर बैंक और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चलते विमान में पावर बैंक में आग कैसे लगी और धुआं निकलने की वजह क्या थी, इस बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल, समय रहते आग पर काबू पाने और विमान की सुरक्षित लैंडिंग से एक बड़ा हादसा टल गया।

[…] इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग… […]