Delhi Durga E-Auto Scheme : दिल्ली में अब महिलाएं और ट्रांसजेंडर व्यक्ति खुद इलेक्ट्रिक ऑटो चलाकर कमाई कर सकेंगे। दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दुर्गा ई-ऑटो योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के पहले चरण में कुल 1,300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो दिए जाएंगे। इनमें 1,170 ऑटो महिलाओं और 130 ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए रखे गए हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका मकसद सिर्फ ऑटो देना नहीं, बल्कि लोगों को अपना रोजगार शुरू करने का मौका देना है। लाभार्थी खुद ऑटो के मालिक बन सकेंगे और उसे चलाकर अपनी कमाई कर सकेंगे। इससे सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
कैसे होगा लाभार्थियों का चयन?
योजना के लिए नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर यानी NIC ने एक खास ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। मिले आवेदनों की जांच जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली समितियां करेंगी। हर सप्ताह आवेदनों का सत्यापन होगा। अगर किसी जिले में तय संख्या से ज्यादा पात्र लोग आवेदन करते हैं, तो ऑनलाइन लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चुने गए लोगों को लेटर ऑफ इंटेंट के साथ पहचान पत्र, दुर्गा जैकेट और कैप भी दी जाएगी।
इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने में भी मिलेगी मदद
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, यह योजना महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। लाभार्थियों को दिल्ली EV पॉलिसी-2026 के तहत मिलने वाले खरीद प्रोत्साहन का लाभ भी मिल सकेगा। इसके अलावा, एग्रीगेटर्स से मुफ्त ऑनबोर्डिंग और सब्सक्रिप्शन की सुविधा देने का आग्रह किया जाएगा, ताकि चालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़कर यात्रियों को सेवा दे सकें।
Read More : इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग, मची अफरा-तफरी; हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग
मेट्रो स्टेशनों पर चार्जिंग की भी तैयारी
सरकार ने DMRC और NCRTC से मेट्रो और नमो भारत स्टेशनों पर इन ऑटो के लिए खास पार्किंग और चार्जिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। इससे यात्रियों को आखिरी दूरी तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही, दो चरणों में योजना का मूल्यांकन भी किया जाएगा, ताकि पता चल सके कि इससे लाभार्थियों की कमाई और आर्थिक स्थिति में कितना सुधार हुआ है।

Leave a Reply