सोशल मीडिया पोस्ट में हमले का दावा
सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में गैंगस्टर अनिल पंडित ने दावा किया है कि टाइगर श्रॉफ पर हमला उसने और हरमन संधू ने मिलकर करवाया है। पोस्ट में लिखा गया है कि टाइगर को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानी गई। पोस्ट में आगे धमकी देते हुए कहा गया है कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी उनकी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा। इस धमकी के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कैसे हुई फायरिंग की घटना?
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में जेवीपीडी ग्राउंड के पास हुई। बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने के बाद ग्राउंड से बाहर निकल रहे थे। उनकी गाड़ी बाहर आते ही वहां कुछ फैंस जमा हो गए। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर तीन से चार राउंड फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। दोनों को इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावरों की तलाश में जुटी मुंबई पुलिस
घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए 15 विशेष टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सबूतों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस फायरिंग के पीछे किसका हाथ है और सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों तक पुलिस कब पहुंचती है। फिलहाल, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और मामले की जांच जारी है।

[…] […]