लाहौर में मौत की खबर
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका की ओर से आतंकवादी घोषित अबू हाशिम की मौत पाकिस्तान के लाहौर में स्थित मरकज कदसिया में हुई. बताया जा रहा है कि वह रविवार दोपहर मस्जिद की सीढ़ियों से गिर गया था. गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. मरकज कदसिया को लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय बताया जाता है. हालांकि, उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर सामने आई जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
नमाज पढ़ने पहुंचा था अबू हाशिम
लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी की ओर से जारी ऑडियो के मुताबिक, अबू हाशिम अपने घर से असर की नमाज पढ़ने के लिए मरकज कदसिया पहुंचा था. इसी दौरान मस्जिद की सीढ़ियों पर चढ़ते वक्त उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा. इस हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट आई, जो उसकी मौत की वजह बनी. सामने आई जानकारी में इस घटना को एक दुर्घटना बताया जा रहा है.
आतंकी संगठन में संभालता था अहम जिम्मेदारी
अबू हाशिम केवल लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक सदस्य ही नहीं था, बल्कि संगठन के आर्थिक नेटवर्क और भर्ती गतिविधियों में भी उसकी अहम भूमिका बताई जाती है. वह पंजाब प्रांत में आतंकियों की भर्ती करने और संगठन के लिए चंदा जुटाने का काम करता था. खिदमत-ए-खलक के डिप्टी चीफ के तौर पर भी वह संगठन की गतिविधियों से जुड़ा हुआ था.
रात में होगी नमाज-ए-जनाजा
जानकारी के मुताबिक, अबू हाशिम की मौत के बाद रविवार रात साढ़े 10 बजे लाहौर के मरकज कदसिया में उसकी नमाज-ए-जनाजा आयोजित किए जाने की बात कही गई. उसकी मौत ऐसे समय में सामने आई है, जब लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तान में अपनी गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क को लेकर लगातार चर्चा में रहता है. फिलहाल, इस घटना से जुड़ी जानकारियां सामने आ रही हैं.

Leave a Reply