Lifestyle • October 14, 2026 • By Saloni Shiva

सुबह चाय पीने की आदत पड़ सकती है भारी! पेट से लेकर पाचन तक पर पड़ सकता है असर

side effects of drinking tea

भारतीय घरों में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। कई लोगों की सुबह तो चाय की चुस्की के बिना शुरू ही नहीं होती। कुछ लोग दिनभर में कई कप चाय पी जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुबह खाली पेट चाय पीने की आदत आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकती है? इससे पेट में जलन, एसिडिटी और पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं।

चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन का असर

चाय में कैफीन और टैनिन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो कुछ लोगों के पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। खासकर खाली पेट चाय पीने से पेट में एसिडिटी की परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा, चाय में मौजूद टैनिन भोजन से मिलने वाले आयरन के अवशोषण में भी रुकावट डाल सकता है। ऐसे में बार-बार और ज्यादा मात्रा में चाय पीने वालों को अपनी आदत पर ध्यान देने की जरूरत है।

एक्सपर्ट ने बताई खाली पेट चाय पीने की परेशानी

यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, नोएडा की इंटरनल मेडिसिन सीनियर कंसल्टेंट डॉ. रेशू अग्रवाल के मुताबिक, सुबह उठते ही चाय पीना कई लोगों के रोजाना के रूटीन का हिस्सा है। लोगों को लगता है कि इससे नींद खुलती है और शरीर में ताजगी आती है। लेकिन जिन लोगों को पहले से एसिडिटी, सीने में जलन या गैस की समस्या है, उन्हें खाली पेट चाय पीने से परेशानी बढ़ सकती है। कुछ लोगों को पेट में बेचैनी, जलन और मितली भी महसूस हो सकती है।

आंतों पर भी पड़ सकता है असर

चाय में मौजूद कैफीन आंतों की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है। कुछ लोगों को चाय पीने के बाद शौच जाने की जरूरत महसूस होती है, जबकि संवेदनशील लोगों को पेट में ऐंठन या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, खाली पेट चाय पीने से सीधे आंतों को नुकसान पहुंचता है, इसके ठोस वैज्ञानिक प्रमाण अभी सीमित हैं। इसका असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है।

चाय पीने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?

एक्सपर्ट की सलाह है कि सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने के बजाय पहले एक गिलास पानी पिएं और कुछ हल्का खा लें। चाय पीते समय उसकी मात्रा सीमित रखें और बहुत तेज चाय पीने से बचें। अगर आपको बार-बार पेट में दर्द, एसिडिटी या पाचन से जुड़ी परेशानी होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *