मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर दिल्ली में मंगलवार, 6 अक्टूबर को INDIA गठबंधन के नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी नेता चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च निकाल रहे थे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने की मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया।
आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका
मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। पुलिस का कहना है कि इस मार्च के लिए पहले से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। वहीं प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे।
करीब 9 घंटे चला धरना
आकाशवाणी भवन परिसर में यह धरना करीब 8 से 9 घंटे तक चला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा, लेकिन राहुल गांधी समेत कई नेता वहां से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दूसरे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
260 लोगों को हिरासत में लिया गया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पूरे प्रदर्शन के दौरान करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 10 सांसद भी शामिल थे। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत से रिहा कर दिया गया।
अब राहुल-प्रियंका पर FIR
अब इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके साथ मौजूद अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वे बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुए और वहां धरना दिया।
कांग्रेस ने कहा- FIR से नहीं डरेंगे
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनके साथ सांसद भी थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी और FIR से डरने वाली नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी आगे भी विरोध जारी रखेगी।
Read More : PM Modi के सत्ता में 25 साल पूरे, गणेश मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना
अब आगे क्या होगा?
एक तरफ पुलिस ने बिना अनुमति प्रवेश और प्रदर्शन को लेकर FIR दर्ज कर दी है, तो दूसरी तरफ विपक्ष SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपने सवालों पर कायम है। ऐसे में राहुल-प्रियंका पर हुई FIR के बाद यह सियासी टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।

Leave a Reply