POLITICS • October 7, 2026 • By Saloni Shiva

PM Modi के सत्ता में 25 साल पूरे, गणेश मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना

pm modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर अब 25 साल का हो गया है। इस खास मौके पर पीएम मोदी ने नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

गणेश मंदिर में की खास पूजा

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर मंदिर की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से देशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पीएम ने कहा कि विघ्नहर्ता की कृपा से सभी का कल्याण हो और देश लगातार तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे।

गुजरात से शुरू हुआ था सफर

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर काम किया। साल 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली और अब लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद पर हैं।

BJP नेताओं ने दी बधाई

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर किया और लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी 25 साल की यात्रा में ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच सबसे आगे रही है।

Read More : मणिपुर में फिर बढ़ा AFSPA, नागालैंड के 9 जिले और 21 थाना क्षेत्र अशांत घोषित

योगी आदित्यनाथ ने भी दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनसेवा को जीवन का लक्ष्य मानकर पीएम मोदी ने देश की पहचान और सम्मान को नई ऊंचाई दी है। योगी ने कहा कि पीएम मोदी के 25 साल के सफर में मजबूत इच्छाशक्ति, दूर की सोच और देश को सबसे ऊपर रखने की भावना लगातार दिखाई दी है।

2 responses to “PM Modi के सत्ता में 25 साल पूरे, गणेश मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *