National • October 16, 2026 • By Saloni Shiva

Maa Adi Badri Temple Fire : मां भगवती के प्राचीन मंदिर में आग, मची अफरा-तफरी

Maa Adi Badri Temple Fire
Maa Adi Badri Temple Fire : उत्तराखंड से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों को चिंता में डाल दिया है। जिस मंदिर में लोग मां भगवती के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं, उसी मंदिर में अचानक आग की भयानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने ऐसा रूप ले लिया कि दूर पहाड़ियों से भी धुआं और लपटें दिखाई देने लगीं। आखिर उत्तराखंड के इस प्रसिद्ध मंदिर में आग कैसे लगी? आइए जानते हैं पूरी खबर।

सुबह-सुबह मंदिर में मची अफरा-तफरी

दरअसल, उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के बदियाकोट में स्थित प्रसिद्ध मां आदि बद्री भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज होती चली गईं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर से उठता धुआं और आग की लपटें देखी जा सकती हैं।

प्राचीन मंदिर को भारी नुकसान की आशंका

इस घटना में राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, आग की वजह से प्राचीन मंदिर को भारी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। आग किस वजह से लगी और मंदिर के किन हिस्सों को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। खास बात यह है कि यह मंदिर अपनी पारंपरिक बनावट और लकड़ी पर की गई खूबसूरत नक्काशी के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में आग से मंदिर को हुआ नुकसान लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।

Read More : Jammu Kashmir में आतंकी घुसपैठ की आशंका, PoK में 500 आतंकियों के मौजूद होने का दावा

निशुंभ दैत्य के वध से जुड़ी है मान्यता

मां आदि बद्री भगवती मंदिर सिर्फ पूजा-पाठ की जगह नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की गहरी आस्था से भी जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि मां भगवती ने इसी स्थान पर निशुंभ दैत्य का वध किया था। इसी वजह से इस इलाके को वधकोट के नाम से भी जाना जाता है।

फिलहाल, सभी की नजर इस बात पर है कि आग लगने की असली वजह क्या थी और इस प्राचीन मंदिर को कितना नुकसान पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *