National • November 10, 2026 • By Saloni Shiva

बार-बार चुनाव क्यों हार रही है कांग्रेस? सोनिया गांधी ने आत्मकथा में खोले हार के राज!

Why Congress Keeps Losing Elections?

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की 544 पन्नों की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ प्रकाशित हो गई है। इस किताब में सोनिया गांधी ने कांग्रेस के राजनीतिक सफर, जीत और हार के कई अहम पहलुओं का खुलासा किया है। खास तौर पर 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार को लेकर उन्होंने बड़ी बात कही है। सोनिया के मुताबिक, पुलवामा आतंकी हमले और उसके बाद हुई बालाकोट एयरस्ट्राइक ने चुनाव से पहले देश का राजनीतिक माहौल बदल दिया था। इस चुनाव में कांग्रेस को महज 52 सीटें मिली थीं, जबकि बीजेपी ने 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

2014 की हार के लिए अन्ना आंदोलन और बीजेपी की रणनीति जिम्मेदार!

सोनिया गांधी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर भी विस्तार से बात की है। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों, एंटी इनकंबेंसी और बीजेपी की बेहतर चुनावी मार्केटिंग को हार की बड़ी वजह बताया है। इसके अलावा सोनिया ने अन्ना हजारे के आंदोलन को भी कांग्रेस के खिलाफ बने माहौल का अहम कारण माना है। उनका आरोप है कि अन्ना आंदोलन की पटकथा बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों ने तैयार की थी और इसके जरिए नरेंद्र मोदी को प्रमोट किया गया। सोनिया के मुताबिक, अन्ना हजारे की मुख्य मांग लोकपाल थी, जिसे सरकार ने लागू किया, लेकिन कांग्रेस इसका राजनीतिक फायदा नहीं उठा पाई।

2004 में कैसे टूटी अटल-आडवाणी की मजबूत जोड़ी?

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में 2004 के लोकसभा चुनाव को कांग्रेस के अस्तित्व की लड़ाई बताया है। उन्होंने लिखा है कि राजनीति में आने के पीछे उनके दो उद्देश्य थे। पहला, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के काम को आगे बढ़ाना और दूसरा, कांग्रेस को मुख्यधारा की राजनीति में बनाए रखना। उस वक्त बीजेपी लगातार मजबूत हो रही थी, इसलिए उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया।

मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के पीछे क्या थी वजह?

सोनिया के मुताबिक, 2004 के चुनाव के दौरान उन्होंने दो खास सावधानियां बरती थीं। पहली, पार्टी और गठबंधन को एकजुट रखना और दूसरी, किसी को यह अंदाजा नहीं होने देना कि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री कौन बनेगा। चुनाव में जीत के बाद यूपीए के सहयोगी दलों की सहमति से उन्होंने मनमोहन सिंह का नाम आगे किया। सोनिया के मुताबिक, मनमोहन सिंह की ईमानदार छवि और सरकार चलाने का अनुभव उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे बेहतर विकल्प बनाता था।

One response to “बार-बार चुनाव क्यों हार रही है कांग्रेस? सोनिया गांधी ने आत्मकथा में खोले हार के राज!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *