Air India flight hijack alert : कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान में हाइजैक की धमकी मिलने की खबर सामने आई। विमान उड़ान भरने ही वाला था कि उसके टॉयलेट के शीशे पर हाइजैक करने की धमकी लिखा एक संदेश मिला। इसके बाद तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया और विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया।
लिपस्टिक से लिखा गया था धमकी भरा संदेश
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 बुधवार सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान केबिन क्रू के सदस्यों की नजर विमान के टॉयलेट के शीशे पर लिखे एक संदिग्ध संदेश पर पड़ी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह संदेश लिपस्टिक से लिखा गया था। संदेश में हाइजैक की धमकी दी गई थी। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
आइसोलेशन बे में भेजा गया विमान
धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में भेज दिया गया। मैपुसा के पुलिस इंस्पेक्टर अनंत गांवकर के मुताबिक, फ्लाइट को टेकऑफ से कुछ समय पहले धमकी का अलर्ट मिला था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP के तहत जांच शुरू कर दी।
147 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को उतारा गया
विमान में कुल 147 यात्री सवार थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद विमान की गहन जांच के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया गया।
Read More : मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, AIIMS में भर्ती
किसने लिखा धमकी भरा संदेश? जांच जारी
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टॉयलेट के शीशे पर हाइजैक की धमकी किसने लिखी और इसके पीछे क्या वजह थी। विमान में किसी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी और धमकी की गंभीरता को लेकर भी जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो पाएगी।

[…] Air India Flight Hijack Alert : टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिल… […]