Prithvi Shaw Akriti Agarwal Patch Up : भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पिछले महीने अपनी मंगेतर और एक्ट्रेस आकृति अग्रवाल से सगाई टूटने का ऐलान करने वाले पृथ्वी शॉ ने अब अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया है। आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है कि दोनों ने अपनी गलतफहमियां दूर कर ली हैं और एक बार फिर साथ आ गए हैं।
दो साल की डेटिंग के बाद की थी सगाई
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल पिछले करीब दो साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों ने इसी साल 8 मार्च को धूमधाम से सगाई की थी। फैंस को उम्मीद थी कि जल्द ही यह जोड़ा शादी के बंधन में बंध जाएगा, लेकिन सगाई के करीब छह महीने बाद ही दोनों के अलग होने की खबर सामने आ गई। इस ऐलान ने उनके फैंस को हैरान कर दिया था। हालांकि, अब दोनों के रिश्ते में एक बार फिर नई शुरुआत होती दिखाई दे रही है।
आकृति ने मानी अपनी गलती
आकृति अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में सगाई तोड़ने के फैसले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने अपने करीबी लोगों की राय को खुद पर हावी होने दिया। कुछ लोगों को लगता था कि वे इस रिश्ते को पृथ्वी और आकृति से बेहतर समझते हैं। आकृति के मुताबिक, वह दूसरों की बातों से प्रभावित हो गईं और बिना ईमानदारी से बातचीत किए इतना बड़ा फैसला ले लिया।
खुलकर बातचीत के बाद रिश्ते को दिया दूसरा मौका
आकृति ने अपने फैसले और उससे पहुंचे दर्द की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि दोनों ने बैठकर खुलकर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने एक-दूसरे को समझने और अपने रिश्ते को फिर से मौका देने का फैसला किया। साथ ही आकृति ने लोगों से उनकी निजी जिंदगी और इस नई शुरुआत का सम्मान करने की अपील भी की है।
Read More : एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद PM मोदी से मिलेंगे भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर
कौन हैं आकृति अग्रवाल?
आकृति अग्रवाल सोशल मीडिया की जानी-मानी इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस हैं। इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वह एक्टिंग प्रोजेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट के जरिए भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वहीं, पृथ्वी शॉ भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। अब देखना होगा कि दोनों की यह नई शुरुआत उनके रिश्ते को किस दिशा में ले जाती है।

Leave a Reply