उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल तेज हो गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है। अखिलेश यादव ने साफ कहा है कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वाराणसी में जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह काशी की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि जब वह चुनाव नहीं लड़ते हैं, तभी मुख्यमंत्री बनते हैं। इसलिए इस बार भी वही करेंगे, जो उनके लिए शुभ है।
2012 का दिया उदाहरण
अखिलेश यादव ने अपने पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि 2012 में भी जब वह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्होंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। उस समय वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे और बाद में विधान परिषद के रास्ते राज्य विधानमंडल पहुंचे थे। इसी आधार पर उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी वह सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
योगी सरकार और BJP पर तीखा हमला
वाराणसी दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि MLC चुनाव में प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को हराने की कोशिश की थी, लेकिन भगवान शिव के आशीर्वाद से पार्टी को दोहरा फायदा मिला। उन्होंने BJP पर मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने कहा कि BJP ही प्रदेश में अराजकता की असली जड़ है।
दुकानदारों से लेकर 200 विधायकों तक का जिक्र
अखिलेश यादव ने दालमंडी इलाके में विस्थापित हुए व्यापारियों और दुकानदारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह मामला 2027 के चुनाव में भी उठेगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी अपने मौजूदा करीब 200 विधायकों के टिकट काटने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मां गंगा ने जिन्हें बुलाया था, अब वही उन्हें भूल गए हैं।
बनारस में मेट्रो का वादा, BJP पर फिर निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के जाने के बाद बनारस मुस्कराएगा। उन्होंने वादा किया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बांदा में नवजात बच्चे के साथ हुई दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री की भगवान कृष्ण और राम को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी उन्होंने बीजेपी को घेरा और कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ऐसे बयान देने वालों पर लगाम लगनी चाहिए।
अब 2027 पर नजर
कुल मिलाकर अखिलेश यादव ने वाराणसी से 2027 के चुनाव को लेकर अपना राजनीतिक संदेश साफ कर दिया है। अब सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी इस बार सत्ता में वापसी कर पाएगी और अखिलेश यादव का सीधे मुख्यमंत्री बनने का दावा कितना असर दिखाएगा? इसका जवाब तो आने वाला चुनाव ही देगा।

[…] […]