Tiger Shroff Firing Case : मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों मुख्य आरोपी करीब एक महीने तक मुंबई के अलग-अलग इलाकों में घूमकर बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी कर रहे थे। इनमें बांद्रा, जुहू, यारी रोड और वर्सोवा जैसे इलाके शामिल थे। आरोपी सितारों के घरों के बाहर तस्वीरें खींचते और वीडियो बनाते थे, जिन्हें आगे गैंगस्टर अनिल पंडित तक पहुंचाया जाता था।
ऑटो चालक से मिली टाइगर श्रॉफ की जानकारी
बताया जा रहा है कि आरोपियों को एक ऑटो चालक से पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार जुहू के एक ग्राउंड में फुटबॉल खेलने आते हैं। इसके बाद आरोपी 11 अक्टूबर को वहां पहुंचे, लेकिन उस दिन टाइगर नहीं आए। फिर 18 अक्टूबर को तीनों दोबारा वहां पहुंचे। इस बार उनके पास हथियार भी थे और इसी दिन अभिनेता पर फायरिंग की गई।
दिल्ली से मुंबई पहुंचाए गए हथियार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 17 अक्टूबर को राधा और बबीता नाम की दो महिलाएं दिल्ली से मुंबई पहुंचीं। आरोप है कि दोनों हरियाणा से हथियार लेकर आई थीं और उन्होंने ये हथियार आरोपियों तक पहुंचाए। इसके बाद दोनों वसई गईं और फिर राजस्थान निकल गईं। मामले में कुणाल और सुमित नाम के दो अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों हरियाणा से मुंबई आए थे और चार दिन तक आरोपियों के साथ रहे। पुलिस ने इन्हें भी गिरफ्तार किया है।
जुहू में किराए के कमरे में रुके थे आरोपी
जांच के मुताबिक, आरोपी ऋतिक ने जुहू के गिल्बर्ट हिल इलाके में एक मुस्लिम परिवार से कमरा किराए पर लिया था। तीनों कुछ दिनों तक इसी कमरे में रुके थे। क्राइम ब्रांच ने मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
फायरिंग के बाद ऐसे भागे आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात में एक विदेशी और एक देसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। फायरिंग के बाद तीनों पीले रंग की पल्सर बाइक से अंधेरी स्टेशन पहुंचे और वहां से फास्ट लोकल पकड़कर बोरीवली गए। इसके बाद टैक्सी से सूरत पहुंचे और फिर ट्रेन से जयपुर जाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने तीनों को राजस्थान जाने से पहले कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। अब पुलिस इस मामले में हथियारों की सप्लाई और गैंगस्टर अनिल पंडित से कथित कनेक्शन की जांच कर रही है।

Leave a Reply