विराट-रोहित को देखने उमड़ेगी फैंस की भीड़
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेला जाएगा। मैच से पहले जब सैंटनर से पूछा गया कि क्या भारतीय फैंस की भारी मौजूदगी के कारण न्यूजीलैंड में भी मुकाबला भारत के घरेलू मैच जैसा महसूस होता है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ हद तक जरूर होता है। सैंटनर को उम्मीद है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी के कारण स्टेडियम में एक बार फिर बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। जाहिर है, इन दोनों खिलाड़ियों की लोकप्रियता सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में है।
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं विराट और रोहित
सैंटनर की चिंता की एक बड़ी वजह इन दोनों बल्लेबाजों का मौजूदा फॉर्म भी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने शानदार शतक जड़े थे। रोहित ने तीन पारियों में 75 की औसत से 225 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। वहीं विराट कोहली ने तीन पारियों में 168 रन बनाए। पहले वनडे में उन्होंने सिर्फ 88 गेंदों पर नाबाद 139 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था।
उम्र नहीं, प्रदर्शन से डर रही न्यूजीलैंड की टीम
विराट और रोहित की उम्र को लेकर पूछे गए सवाल पर भी सैंटनर ने साफ कहा कि दोनों खिलाड़ी अब भी शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों को लंबे समय से देखते आ रहे हैं और उनकी काबिलियत से अच्छी तरह वाकिफ हैं। यानी न्यूजीलैंड की टीम इन अनुभवी खिलाड़ियों को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहती।
शुभमन गिल भी बनेंगे न्यूजीलैंड के लिए चुनौती
सैंटनर ने भारतीय टॉप ऑर्डर की ताकत का जिक्र करते हुए रोहित के आक्रामक अंदाज, विराट की पारी संभालने की क्षमता और शुभमन गिल के प्रदर्शन को अहम बताया। उन्होंने माना कि भारत के बल्लेबाजों को रोकने के लिए न्यूजीलैंड को लगातार अच्छी गेंदबाजी करनी होगी और दबाव बनाए रखना होगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि विराट, रोहित और शुभमन गिल की बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज कितनी चुनौती पेश कर पाते हैं।

Leave a Reply